Customised Ads
सांस्कृतिक दल अपनी कला के माध्यम से दुनिया में वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को प्रसारित करने का कार्य करेगे-जयवीर सिंह

लखनऊ। मंगलवार 18फरवरी 2025 (सूत्र/सूवि /पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, फाल्गुन मास कृष्ण पक्ष षष्ठी, शिशिर ऋतु २०८१ पिंगल नाम संवत्सर। वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संस्कृति विभाग उ0प्र0 तथा भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के संयुक्त तत्वाधान में अन्तर्राष्ट्रीय नृत्य और संगीत महोत्सव का आयोजन 22-23 फरवरी को प्रयागराज में किया जा रहा है। इस महोत्सव में भारत सहित 11 देशों के कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह होगे।

यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने देते हुए बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की समृद्धि विरासत एवं गौरवशाली इतिहास को साझा करने के लिए कलाकारों का दल रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करेगा। विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए तिथियां घोषित कर दी गयी है, जिसके तहत 19 फरवरी को अन्तर्राष्ट्रीय कलाकारों द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ के जुपिटर हॉल में पूर्वाभ्यास किया जायेगा तथा 20 फरवरी को इसी स्थल पर प्रस्तुति देने के बाद 22-23 फरवरी को महाकुम्भ प्रयागराज में स्थापित गंगा पंडाल एवं अन्य मंचों पर कार्यक्रम प्रस्तुत किया जायेगा।

जयवीर सिंह ने बताया कि इस अन्तर्राष्ट्रीय नृत्य एवं संगीत समारोह में भारत, दक्षिण अफ्रीका, मंगोलिया, वियतनाम, फीजी, मलेशिया, किर्गिस्तान, रूस, रवान्डा, बंग्लादेश और मालद्वीव के कलाकारों का दल कार्यक्रम पेश करेंगे। उन्होंने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय नृत्य एवं संगीत महोत्सव का यह 10वॉ संस्करण है। इस महोत्सव में शामिल देशों की समृद्ध विरासत, परम्परा, मान्यतायें एवं धार्मिक आस्था से जुड़े सांस्कृतिक धरोहर को उजागर करने का प्रयास करेंगे। इसके अलावा संगीतमय विविधिता एवं वैश्विक कला शैलियों को एक दूसरे से साझा करने का अवसर भी प्रदान करेगा। 

भारत सदियों से सत्य, अहिंसा, प्रेम, करूणा तथा आपसी मैत्री पर जोर देकर वसुधैव कुटुम्बकम की भावना का संदेश देता रहा है। अन्तर्राष्ट्रीय महोत्सव में शामिल देशों को एक दूसरे की कला को करीब से जानने का एक अनूठा अवसर होगा। जो पारस्परिक सद्भाव एवं शांति स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा।

टिप्पणियाँ